देवास। दो दिनों पूर्व शहर के बीमा रोड़ स्थित गंगा निकेतन कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने दो घरों के ताले तोड़ दिए थे। एक घर में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अब पुन: गंगा निकेतन कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशान बनाया, यहां से चोर स्मार्ट टीवी व नगदी लेकर फरार हो गए। बताया गया है कि मकान मालिक दो दिनों पूर्व उनके गांव गए थे, आज सुबह लौटे तो घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा अंदर सामान बिखरा देखा उन्होनें इस बात की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।

जानकारी के अनुसार गंगा निकेतन कॉलोनी के दो मकानों में गत 24 और 25 अप्रेल की दरमियानी रात्रि को अज्ञात दो बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए थे। अब इसी कॉलोनी में बीती रात को अज्ञात बदमाशों ने रामचरण प्रजापति के सूने मकान को निशाना बनाया और चोरी की वारदात कर फरार हो गए। फरियादी ने इसकी रिपोर्ट सिविल लाइन थाने पर की है। पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है।

गांव से लौटे तो देखा दरवाजे का ताला टूटा
रामचरण प्रजापति ने बताया कि वह आर्मी में कार्यरत है कुछ दिनों पूर्व ही वह देवास आए है। पिछले दो दिनों से उनके गांव मनारसी माता-पिता से मिलने गए थे। आज सुबह घर लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था, इंटर लॉक भी टूटा हुआ था। मेरे घर दिवार पर लगी स्मार्ट टीवी उखाडक़र ले गए। मेरे कमरे में कुछ दस्तावेज रखे हुए थे उसे भी खंगाले उन दस्तावेजों के साथ करीब 15 हजार रुपए रखे हुए थे। वो रुपए भी ले गए इसके अलावा और भी सामान में जांच कर बता पाऊंगा कि क्या सामान चोरी गया है।