देवास। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल शुक्रवार को देवास पहुंचे। उप मुख्यमंत्री ने माता टेकरी पहुंचकर मॉ चामुण्डा व तुलजा भवानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की और प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की।

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दरबार में आकर दर्शन करना ही मॉ कृपा है। मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं कि आज में यहां आया हूं। मैं माताजी से यही प्रार्थना करता हूं कि सभी को सुखी और निरोगी रखें। सभी नागरिकों पर माता जी की कृपा बनी रहे और इसी प्रकार विकास यात्रा लगातार जारी रहे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा माताजी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, रायसिंह सेंधव, राजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण उपस्थित थे।

जिला अस्पताल को व्यक्तिगत रुप से देखेंगे
कांग्रेस का काम विरोध करना है उन्होनें धारा 370 का भी विरोध किया था। आयोध्या में राम मंदिर को लेकर कांग्रेस का रवैया ठीक नहीं था। देश के हित में व उलझे हुए मामलों को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृव्य में जो काम हो रहा है कांग्रेस उसका विरोध करती है। वक्फ बोर्ड के नियमों में संशोधन का जो प्रस्ताव है उसमें गृह मंत्री अमित शाह ने हर बात को स्पष्टता से रखा है। बिल में क्या कमी थी, और संशोधन करना क्यों जरुरी है। देश की जनता के सामने साफ हो चुका है। वहीं जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन पर लगे लापरवाही के आरोप को लेकर कहा कि जिला चिकित्सालय बेहतर रुप से संचालित हो इसके लिए कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों से चर्चा की है। जिला चिकित्सालय में जो भी कमी है उसे बहुत जल्द ही दूर कर एक आदर्श अस्पताल बनेगा, मैं इसे व्यक्तिगत रुप से देखूंगा।