देवास। पिछले चार दिनों पूर्व शहर की कुम्हार गली में एक युवक की जघन्य रुप से हत्या कर दी गई थी। मामले को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने एक आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया था। प्रकरण में मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। आज कोतवाली थाना पुलिस बल व नगर निगम की टीम आरोपी की स्थाई संपत्ति को जांचने के लिए गायत्री विहार कॉलोनी पहुंची थी, जहां नगर निगम ने आरोपी के दो मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। जिसमें अवैध तरीके से निर्माण कार्य को हटाकर 7 दिनों में निगम को सूचित करना है। अगर 7 दिनों में जानकारी नहीं आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गत 18 जनवरी को कुम्हार गली में आनंद उर्फ छोटू पिता दिनेश कहार उम्र 30 वर्ष निवासी भेरुगढ़ की जघन्य रुप से हत्या रुपयों के लेनदेन को लेकर आरोपी रुपेश कहार, सोनू रायकवार सहित अन्य लोगों ने कर दी थी। मामले में पुलिस ने आरोपी सोनू रायकवार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर ले रखा है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी रुपेश कहार घटना के बाद से फरार है जिसे पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस इस मामले को लेकर लगातार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि हत्या के बाद आरोपी रुपेश कहार के भेरुगढ़ स्थित पुराने मकान में व आरोपी सोनू कहार के मकान में हत्या के अगले दिन मृतक पक्ष की और से कुछ महिलाओं ने पत्थरबाजी भी की थी। मामले को लेकर कोतवाली थाना पुलिस व नगर निगम की टीम आज मुख्य आरोपी रुपेश कहार के गायत्री विहार स्थित दो मकानों पर पहुंची जहां निगम ने आरोपी की पत्नी के नाम पर नोटिस चस्पा कर 7 दिनों में जवाब मांगा है।

जिलाबदर की अवधी में आरोपी ने किया था उल्लंघन
मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने बताया कि जघन्य हत्याकांड के मुख्य व फरार आरोपी रुपेश कहार की चल अचल संपत्ति और उसके अवैध निर्माण के संबंध में जानकारी निकाली गई है। उसके बाद नगर निगम से नोटिस जारी कर आरोपी के घर पर चस्पा किया है। 7 दिनों की समय सीमा में अगर कोई जवाब नहीं देता है तो अंतरिम कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भी कई कार्रवाईयां प्रस्तावित है। जो भी आरोपी से पीडि़त है वह कोतवाली थाने पर आकर रिपोर्ट लिखाएं उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिलाबदर की अवधी में आरोपी ने उल्लंघन किया है उसके विरुद्ध 14 राज्य सुरक्षा अधिनियम की कार्रवाई की है। आरोपी के मकान अगर अवैध पाए जाते हैं तो उन्हें निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। जांच में 3 संपत्ति सामने आई है इसके साथ ही एसोसिएट्स और उनके खातों में ट्रांजेक्शन में तो उस पर भी जांच की जा रही है। इस मामले में अभी 3 आरोपी है इसमें 1 आरोपी सोनू रायकवार को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी पुलिस रिमांड पर है। जल्द ही मुख्य आरोपी रुपेश कहार का गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। संभावित जानकारी उनके पास हो सकती है इसलिए सभी के कथन लिए जा रहे हैं। इसके आधार पर आगे की लीड मिल सकती है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया है।

दो मकानों पर नोटिस चस्पा किए
निगम अधिकारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि गायत्री विहार स्थित आरोपी के घर पर सूचना पत्र जारी किए है, निर्माण कार्य भवन की नपती लेकर एमओएस की जानकारी मांगी गई है, एक निर्माणाधीन मकान में एमओएस की त्रुटी पाई गई है। वहीं एक मकान के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। आरोपी के दो मकानों पर नोटिस चस्पा किए है। 7 दिनों में भूस्वामी को दस्तावेज प्रस्तुत करना है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।