जलसंकट को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम में मटके फोडक़र किया प्रदर्शन……! -समस्या नहीं सुलझी तो सभी भाजपा पार्षदों का उनके वार्डों में पुतला जलाएंगे : मनोज राजानी-कांग्रेसी मित्रों के पास कोई काम नहीं है, फुर्सत में है उनको दिखावा करना है : दुर्गेश अग्रवाल

देवास। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज दोपहर में नगर निगम का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सयाजी द्वार से मटके लेकर रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे। यहां मुख्य द्वार पर बेरिकेट्स लगाकर पुलिस बल तैनात था, फिर भी प्रदर्शनकारी कांग्रेसी नेता बेरिकेट्स हटाकर निगम परिसर में घुसे और मटके फोडक़र प्रदर्शन करने लगे। पुलिस बल ने कांग्रेसियों के हाथों से मटके लेने के लिए काफी जद्दोजहद की लेकिन प्रदर्शनकारी मटके फोड़ गए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने निगम कार्यालय में घुसने का प्रयास किया तो उन्हें वहां से पुलिस बल ने काफी मशक्कत कर हटाया था। कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर महापौर प्रतिनिधि ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा या परेशानी आती है तो वह साथ में मिलकर सकारात्मक सोच के साथ जनता की समस्या के निदान के लिए एक साथ खड़े होंगे तो देवास के लिए अच्छा रहेगा। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं के द्वारा लगाए आरोपों के बारे में कहा कि उनके पास कोई काम नहीं है फुर्सत में है उनको दिखावा करना है।


पिछले दिनों से चल रहे जलसंकट को लेकर गत 4 अप्रेल को कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि व प्रतिपक्ष नेता राहुल पंवार ने नगर निगम में मटके फोडक़र प्रदर्शन किया था, इसके बाद कांग्रेस पार्षद दीपेश कानूनगो ने वार्डवासियों के साथ मटके फोड़े और बर्तन बजाकर निगम परिसर में प्रदर्शन कर विरोध जताया था। एक दिन पूर्व पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर आज कांग्रेसजनों के साथ प्रदर्शन करने की बात कही थी। आज दोपहर में कांग्रेसियों ने मटके फोडक़र विरोध कर प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही नगर निगम व महापौर मुर्दाबाद के नारे लगाए। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह से कई वार्डों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है।


अपना घर जलाकर दिवाली बनाओगे क्या?
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि नगर निगम और प्रशासन पर्याप्त पानी देने में विफल रहे हैं। आठ दिनों से जलप्रदाय नहीं हुआ, यह निगम की लापरवाही है। बहाना बनाया जा रहा है कि उज्जैन में पानी दिया गया, आरोप लगाते हुए कहा कि अपना घर जलाकर दिवाली बनाओगे क्या? उज्जैन में गंभीर डेम भी है उज्जैन वाले उनकी व्यवस्था देखते। किंतु अपनी विफलता छिपाने के लिए बहाने बाजी की जा रही है। निगम प्रशासन की आपसी लड़ाई में कोई जिम्मेदारी का पालन नहीं करता, निर्णय का पालन नहीं करता, महापौर और सभापति की कोई सुनता नहीं है। सभापति गुलाब के फूल देते हैं उनकी कोई सुनता नहीं है। इन्हीं की पार्टी के पार्षद आपस में लड़ते हैं। उन्होनें महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल के लिए शायरी कहते हुए पूछा कि तू इधर-उधर की बात ना कर, यह बता की काफिला कैसे लूटा……। मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी का सवाल है….। मनोज राजानी ने चेतावनी दी कि अगर 5-7 दिन में समस्या नहीं सुलझी तो सभी भाजपा पार्षदों का उनके वार्डों में पुतला जलाया जाएगा। इसके बाद निगम उपायुक्त को ज्ञान सौंपा गया।


कांग्रेसी मित्रों के पास कोई काम नहीं है, फुर्सत में है
इस मामले को लेकर महापौर प्रतिनिध दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ दिनों के लिए जलसंकट आया था, विधायक और महापौर ने एनडीवीए के अधिकारियों से चर्चा की थी उसके परिणाम स्वरुप माँ नर्मदा का पानी शिप्रा डेम में तेजी से आ रहा है, डेम का वाटर लेवल भी बढ़ रहा है। पिछले तीन दिनों से निगम की और से जलप्रदाय शुरु कर चुके हैं। आज भी कई वार्डों में जलप्रदाय हुआ है। जल्द ही नियमित रुप से जलप्रदाय हो उसके लिए प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कहा कि उनका अधिकार है वह प्रदर्शन करे उससे मुझे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मेरा कहना है कि जनता की अगर वह इतने शुभ चिंतक है जब पिछले 10-12 दिनों से जलसंकट था तब उनको सकारात्मक सोच व पहल के साथ में हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर जलसंकट से उबरने के लिए सकारात्मकता निभानी चाहिए थी, अब जब पानी का संकट खत्म हो चुका है तब वे प्रदर्शन कर रहे हैं। शिप्रा से जलप्रदाय के साथ 17 बोरिंग निगम ने शुरु किए हैं। उनके माध्यम से हम 22 टेंकर भरकर पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। इसके साथ ही 12 निजी बोरिंग भी अधिग्रहण किए हैं, आवश्यकता पडऩे पर हम निजी बोरिंग से भी टेंकर भरेंगे, जनता को पानी का संकट नहीं आने देंगे। विधायक गायत्री राजे पवार ने हमें 15 टेंकर विधायक निधि से दिए हैं। निश्चित तौर पर पानी की अब कोई समस्या नहीं है। हमने जलसंकट को लेकर एक अस्थाई कंट्रोल रुम बनाया था, जिसमें पहले दिन 8 अप्रेल को करीब 700 फोन पानी की समस्या के लिए आए थे, अगले दिन ग्राफ गिरा और आज सिर्फ 1 ही पानी की समस्या को लेकर फोन आया था। हमने तत्काल टेंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया और समस्या का निदान किया था। जहां तक कांग्रेस के प्रदर्शन की बात है तो आज की तारिख में कांग्रेसी मित्रों के पास कोई काम नहीं है, फुर्सत में है उनको दिखावा करना है। दिखावा भी क्यों करा पिछले 10 से 12 दिनों से उनकी नींद नहीं खुली थी, मीडिया में जब ये बात उठी कि विपक्ष जनता की लड़ाई नहीं लड़ रही है, उसके बाद वे जागे और उन्होनें इस प्रकार का आंदोलन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »