देवास। ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष के घर पर कुछ असमाजिक तत्वों ने आज सुबह पत्थरबाजी कर कांच फोड़ दिए थे। मामले को लेकर सर्व समाज आज दोपहर में एकत्रित हुआ और कोतवाली थाने में एडिशनल एसपी को ज्ञापन देकर मांग की है कि जिन लोगों ने पत्थरबाजी की है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि शांति समिति के सदस्य है, गत दिनों उन्होनें देर रात्रि में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत डायल 100 पर की थी।

गत दिनों हुई शांति समिति की बैठक में भी यह तथ्य कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा था। संभवत: विशेष समुदाय के लोगों ने इसलिए उनके घर पर पत्थरबाजी की थी। दूसरी और मुस्लिम समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष के बेटे ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में धार्मिक भावना को ठेंस पहुंचाने वाला आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। इससे उनकी धार्मिक आस्था आहत हुई है। इस मामले में मुस्लिम समाज की और नाहर दरवाजा थाने पर डीएसपी को कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया है।

आज सुबह करीब 6 बजे ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष व शांति समिति के सदस्य संजय शुक्ला के घर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर कांच फोड़ दिए थे। संजय शुक्ला ने बताया कि सुबह प्रभात फेरी करने वाले लोगों के साथ पड़ोसियों ने भी देखा था कि कुछ लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर दोपहिया वाहनों से आए और पत्थरबाजी कर फरार हो गए। इस मामले को लेकर आज दोपहर में समस्त ब्राह्मण समाज संजय शुक्ला के घर एकत्रित हुआ वहां से कोतवाली थाने पर रैली के रुप में आए यहां सर्व समाज ने कोतवाली परिसर में बैठकर हनुमान चालिसा का पाठ किया उसके बाद पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया को सौंपा।

यह दिया ज्ञापन
ज्ञापन में उल्लेख था कि गत 4 जुलाई की देर रात्रि को तेज आवाज में डीजे बजाने की आवाज को लेकर संजय शुक्ला ने डायल 100 पर शिकायत की थी जिसकी शिकायत क्रमांक पी 25185001025 है। गत दिनों हुई शांति समिति की बैठक मेें संजय शुक्ला ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के समक्ष यह भी तथ्य रखा था कि तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर कार्रवाई की जाए। इसी के चलते आज सुबह करीब 6 बजे संजय शुक्ला के घर पर पथराव किया गया। जिन्हें प्रभात फेरी निकालने वाले सदस्यों व पड़ोसियों ने देखा था। जिसमें पांच लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर दोपहिया वाहनों से आए और यह कृत्य किया था। आज जो कृत्य किया गया वह शहर में सामाजिक समरसता को बिगाडऩे व शहर को धार्मिक उन्माद धार्मिक दंगो की आड़ में धाक लेने का कृत्य है। जिन लोगों ने यह कृत्य व शांति भंग करने का कार्य किया है उनका सामाजिक रुप से जूलुस निकालकर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

डीजे की आवाज कम कराने की आवाज उठाई थी
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने कहा कि गत दिनों शांति समिति की बैठक में संजय शुक्ला ने डीजे की आवाज को बंद कराने व कम कराने की आवाज उठाई थी। उसका परिणाम यह हुआ कि उनके घर पर पत्थर फैंके गए। इसके बाद संजय शुक्ला को कुछ विधर्मियों के द्वारा धमकी दी गई है। उनको पूरे हिंदु समाज और अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की और से चेलेंज देता हूं कि अगर उनमें दम हो तो संजय शुक्ला के घर पर आकर दिखा दें फिर देवास में क्या होता है हम बताएंगे।

वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि आज सुबह की घटनाक्रम में पत्थर मारकर घर का कांच फोड़ा है। फरियादी की शिकायत को संज्ञान में लिया है। प्रकरण को लेकर सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।