देवास। जिला अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्रसूती के एक दिन बाद एक महिला की अचानक मौत हो गई। वह रात में अपने पलंग से नीचे फर्श पर मृत पाई गई। महिला ने एक दिन पहले ही स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। घटना के बाद पति व अन्य परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, सुनीता बड़ोले उम्र 30 वर्ष निवासी भिकुपूरा तहसील उदयनगर को बुधवार को उनके पति श्याम बड़ोले जिला अस्पताल लाए थे। महिला की नार्मल डिलीवरी हुई थी, यह उसकी तीसरी डिलीवरी थी। अस्पताल स्टॉफ के अनुसार, डिलीवरी के बाद महिला की हालत सामान्य थी उसको 25 नंबर प्री लेबर रुम में शिफ्ट कर दिया था। लेबर रुम में वह अपने पलंग पर सो रही थी। कल देर रात अचानक वह पलंग से गिर गई थी। महिला के आसपास अन्य प्रसूताएं भी अपने पलंग पर सो रही थी। सूत्रों के मुताबिक बताया गया है कि प्रसूता सुनीता रैंगते हुए प्री लेबर रुम के मुख्य दरवाजे तक आई उसने शोर भी किया लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ देर के बाद महिला के पति श्याम बड़ोले को अंदर बुलाया, उसने देखा कि उसकी पत्नी नीचे गिरी हुई थी और उसकी मौत हो गई थी।

एंबुलेंस नहीं मिली तो निजी वाहन से आया
मृतिका के पति श्याम ने बताया कि वह मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। उसकी बड़ी लडक़ी व पत्नी को लेकर कल सुबह प्रसूती के लिए गांव से बागली लेकर आया, वहां से उन्होनें देवास जाने के लिए कहा, लेकिन वहां एंबुलेंस की व्यवस्था भी नहीं की गई थी। उन्होनें निजी वाहन किराए पर लिया और वे जिला चिकित्सालय आए यहां दोपहर करीब 4.30 बजे उसकी पत्नी को नार्मल डिलेवरी से लडक़ी हुई थी। उसकी लडक़ी को एनआईसीयू में कमजोर होने पर रखा था। उसने बताया कि सुनीता स्वस्थ्य थी, रात में करीब 12 बजे उसके पति को गार्ड ने बाहर कर दिया था। उसकी पत्नी के साथ कोई नहीं था। देर रात करीब 2 बजे वह पलंग से गिरी थी। उसने बताया कि उसे अलसुबह करीब 3 बजे अस्पताल में बुलाया वह गया तो उसकी पत्नी मृत अवस्था में फर्श पर मिली। पति ने बताया कि आसपास की मरीजों को भी यह नहीं पता चल पाया कि महिला कब और कैसे गिरी। उसने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्टाफ से सवाल किए तो उन्हें सिर्फ यही कहा गया कि जांच की जाएगी। उनका कहना है कि डिलीवरी के बाद पत्नी पूरी तरह स्वस्थ थी, फिर अचानक क्या हुआ, इसका जवाब नहीं मिल रहा।

कार्डियक इफ्यूजन से हुई मौत
जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पलंग से गिरने की बात आसपास किसी को पता नहीं चली, इसलिए प्रारंभिक जांच में हार्ट के पास तरल पदार्थ जमा होने यानी कार्डियक इफ्यूजन को मौत का कारण बताया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।