देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद निर्देशानुसार आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने व असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना जागृत करना तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में पुलिस का भय उत्पन्न करना था। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के सयाजी द्वारा से तहसील चौराहा, गांजा भांग चौराहा, नयापुरा, नाहर दरवाजा तक पैदल मार्च कर, भोपाल चौराहा से राधागंज, अनाज मंडी, आवास नगर, एबी रोड़ व पुन: नाहर दरवाजा, पठानकुआं, राजबाडा, मल्हार कॉलोनी, बालगढ़ चौराहा, विकास नगर चौराहा, कैलादेवी मंदिर, चाण्कयपुरी, कर्मदीप चौराहा, इटावा जीडीसी कॉलेज तक व वहां से पुन: उज्जैन रोड़ ब्रिज से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर समापन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, उपद्रव अथवा असामाजिक गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक दिशेष अग्रवाल सहित समस्त थाना प्रभारीगण तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे। इस दौरान पुलिस ने मुख्य बाजार, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा कि आने वाले जो 15 दिवस है उसमें हमारे देश के त्यौहारों का समय है। कल होली का पर्व है, उसके बाद धुलेंडी जो मालवांचल में काफी हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती है। रंगपंचमी, सप्तमी, तेरस और माह के अंत में ईद का पर्व भी मनाया जाना है। इसको देखते हुए आज समस्त जिले भर में पुलिस और प्रशासन का संयुक्त फ्लेग मार्च निकाला गया। शहर में हमारे पांचों थानों का पुलिस फोर्स के साथ अतिरिक्त फोर्स जो हमें अगले 15 दिनों के लिए शांति सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए मिला है। कलेक्टर साहब भी हमारे साथ है। शहर के लोगों से अपील करते हैं कि पूरे हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मनाए लेकिन उसके साथ-साथ शांति व्यवस्था भी कायम रखें। पुलिस प्रशासन आपके साथ त्यौहारों को मनाने के लिए सदैव खड़ा रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि जिले मेें सौहार्द बना रहे, जिला प्रशासन के साथ पुलिस भी त्यौहारों के लिए तैयार है।

पुलिस ने जारी कि एडवाइजरी
आगामी होली पर्व को लेकर होलिका दहन के समय सभी होलिका दहन आयोजक होलिका दहन के स्थानों पर आग बुझाने की पर्याप्त व्यवस्था जैसे बाल्टी में पानी, रेत आदि की व्यवस्था करें व बड़ी होलिका दहन स्थानों पर फायर ब्रिगेड उपस्थित रखें। विवादित जगह, बिजली के तार के नीचे व जहां यातायात बाधित होता हो उस स्थान पर होलिका दहन ना किया जाए। होली के त्यौहार के दौरान यात्रियों व राहगीरों को रोककर जबरन रंग न लगाएं। सभी होटल, ढाबे आदि रात्रि 10 बजे तक बंद कर दिये जाए। होली के दौरान प्राकृतिक (हर्बल) रंगों का उपयोग करें, कैमिकलयुक्त रंगों का इस्तेमाल नहीं करें। नाबालिग बच्चों को वाहन ना चलाने दें, नाबालिग बच्चो के द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। दो पहिया वाहन में दो से अधिक व्यक्ति सवारी न करें व यातायात के नियमों का पालन करें। होलिका दहन में गोबर के उपलों का अधिक उपयोग करें, पेड़ पौधों को काटकर न जलायें। व्यक्तिगत विवादों को व्यक्तिगत ही रहने दें, धार्मिक या सामाजिक रूप देने का प्रयत्न न करें। सोशल मीडिया प्लेटफार्म में भडक़ाऊ, आपत्तिजनक या विवादित टिप्पणी ना करें। यदि किसी को भी अवैध रूप से मादक या नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना प्राप्त होती है, तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित थाना प्रभारी या वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी प्रेषित करें। इस सूचना में आपका नाम गोपनीय रखा जायेगा। नशे की हालत में वाहन चलाने पर अथवा यातायात के नियमों का पालन न करने पर वाहन जप्त कर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन न्यायालय पेश किया जाएगा।