पुलिस भर्ती 2023 के परिणाम में विलंब : शारीरिक परीक्षण बाद भी अंतिम परिणाम घोषित नहीं….! अभ्यर्थियों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, जल्द परिणाम घोषित करने की मांग…..!

देवास। मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हो रहे विलंब पर चिंता जताई है।


अभ्यर्थियों ने बताया कि पुलिस विभाग ने जून 2023 में भर्ती की अधिसूचना जारी की थी। लिखित परीक्षा सितंबर 2023 में हुई और परिणाम 7 मार्च 2024 को घोषित किया गया। इसके बाद नवंबर 2024 में शारीरिक परीक्षण आयोजित किया गया। लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस भर्ती प्रक्रिया में उन्होंने अपना बहुमूल्य समय और ऊर्जा लगाई है। विलंब से उनकी भविष्य की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए और अंतिम परिणाम घोषित किया जाए। अभ्यर्थियों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दें। उन्होंने आशा जताई है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेगा और जल्द समाधान करेगा।


यह दिया कलेक्टर के नाम ज्ञापन
हम सभी अभ्यर्थी आपके समक्ष मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती 2023 की प्रक्रिया में हुए अनावश्यक विलंब के संबंध में गंभीर चिंता व्यक्त करने हेतु यह ज्ञापन प्रस्तुत कर रहे हैं। जैसा कि आपको विदित होगा, मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती के लिए जून 2023 में ईएसबी द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी। लिखित परीक्षा सितंबर 2023 में आयोजित की गई और इसका परिणाम 7 मार्च 2024 को घोषित किया गया। इसके बाद नवंबर 2024 में शारीरिक परीक्षण आयोजित की गई। हालांकि, शारीरिक परीक्षण के लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है। यह विलंब हम सभी अभ्यर्थियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। हम सभी ने इस भर्ती प्रक्रिया में अपना कीमती समय और ऊर्जा लगाई है, और इस तरह के अनावश्यक विलंब से हमारे भविष्य की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। हमारी मांग है कि इस प्रक्रिया को तुरंत पूरा किया जाए और अंतिम परिणाम जल्द से जल्द घोषित किया जाए। हम आपसे निवेदन करते हैं कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें कि वे इस भर्ती प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करें। हम सभी अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं और आशा करते हैं कि आप हमारी समस्या को गंभीरता से लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »