रात को खेत में दिखा तेंदुआ…..! -जंगली सूअरों का प्रकोप है, रात को खेते में आना पड़ता है : कृषक -वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण, तेंदुए के मिले पगमार्क…..!

देवास। शहर से दूर नागदा पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुए के साथ जंगली जानवरों की दस्तक से वहां के रहवासियों के साथ पहाड़ी क्षेत्र के समीप खेती करने वाले किसानों में दहशत का माहौल बन गया है। रविवार रात्रि को एक किसान अपने खेत पर गया था उस दौरान उसे तेंदुआ दिखाई दिया। किसान ने बताया कि उसने तेंदुए का एक विडियो भी मौके से बनाया था, कुछ देर तक वह वहीं रुका उसके बाद वह पहाडिय़ों की और चला गया था। किसान ने बताया कि यहां फसलों की देख-रेख करने के लिए रात में भी आना पड़ता है पिछले कुछ दिनों से यहां पर जंगली सूअरों का आवागमन भी होने लगा है जो फसलों को क्षति पहुंचाते हैं। सोमवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, जहां तेंदुए के पगमार्क भी मिले हैं।


जानकारी के अनुसार शहर से दूर नागदा पहाड़ी क्षेत्र में रविवार देर रात को तेंदुआ किसान को दिखाई दिया था। किसान ने टॉर्च से रोशनी कर तेंदुए का वीडियो बनाया और वन विभाग को सूचित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार की सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और खेतों में तेंदुए के पगमार्क मिले। हालांकि तेंदुए की वर्तमान लोकेशन का पता नहीं चल सका है। स्थानीय किसानों के अनुसार तेंदुआ पहाड़ी की और चला गया।


जंगली सूअरों का प्रकोप है
किसान ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि कल रात को वह घर से खेत की और जा रहे थे उस दौरान उन्हें तेंदुआ रास्ते में दिखाई दिया था। खेत में काफी देर तक रुका उसके बाद वह दूसरी और कूदकर भाग गया। उन्होनें बताया कि यहां पर जंगली सूअरों का प्रकोप अधिक है उसके लिए रात को यहां आना पड़ता है। तेंदुआ नजदीक था तो भाई को फोन लगाया वह भी मौके पर आ गए थे। आज सुबह वन विभाग की टीम आई उन्होनें मौके का मुआयना किया उसके बाद वह चले गए थे। 5-6 दिनों पहले भी तेंदुआ दिखाई दिया था। कल रात को तेंदुआ सडक़ से आया और हमारे खेत से होते हुए वह पहाड़ी की और चला गया था।


तेंदुए के पगमार्क मिले हैं
वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेन्द्र कुमार सोलंकी ने बताया कि कल रात को सूचना मिली थी कि नागदा के किसान ओमप्रकाश पटेल के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया था, रात में वह खेत में रखवाली के लिए जा रहा था, उस दौरान रास्ते में उसे तेंदुआ दिखाई दिया था। तेंदुए की सर्चिंग के लिए हमारी टीम आज सुबह गई थी वहां पर तेंदुए के पगमार्क मिले हैं। कृषक ओमप्रकाश पटेल का खेत हमारे वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक 2 से लगा हुआ है। अभी तक किसी भी प्रकार से कोई जनहानी की सूचना नहीं है। वन क्षेत्र के समीप ही उनका खेत है इसलिए वह विचरण करते हुए यहां आया होगा। किसानों व रहवासियों को समझाईश दी है कि अपना ध्यान रखें, रात में अकेले ना निकलें, अगर जाना ही है तो तीन-चार लोग एक साथ जाएं। नागदा क्षेत्र में तीन-चार तेंदुए होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »